तिगरी मेले में DM-SP की जुगलबंदी, ‘दोस्ताना’ के गीत पर झूम उठे दर्शक

By Tatkaal Khabar / 22-11-2026 01:00:53 am | 297 Views | 0 Comments
#

लखनऊ, 22 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश के अमरोहा में आयोजित तिगरी गंगा मेले में शनिवार शाम एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सांस्कृतिक कार्यक्रम की रौनक और बढ़ा दी। अपनी प्रशासनिक और पुलिस संबंधी जिम्मेदारियों के लिए पहचाने जाने वाले जिले के दो वरिष्ठ अधिकारी इस बार गायकी के अंदाज में नजर आए। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह की जुगलबंदी ने मेले में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। गजरौला क्षेत्र के निकट तिगरी गांव में चल रहे पारंपरिक मेले के दौरान शनिवार शाम ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें गायक और गायिकाएं हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच एक गायक ने सामने की सीटों पर मौजूद डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह से भी गीत सुनाने का आग्रह किया। इस फरमाइश पर दोनों अधिकारियों ने फिल्म 'दोस्ताना' का लोकप्रिय गीत ‘बने चाहे दुश्मन जमाना हमारा, सलामत रहे दोस्ताना हमारा’ गाकर सुनाया। इस गीत को मूल रूप से मोहम्मद रफी और किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी। दोनों अधिकारियों की इस अप्रत्याशित प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। गीत खत्म होते ही लोगों ने जोरदार तालियों के साथ उनकी जुगलबंदी का स्वागत किया। वहां मौजूद कलाकारों ने भी इस पल का आनंद लिया। कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। खास बात यह है कि यूपी पुलिस ने भी डीएम और एसपी की इस गायकी का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है।