जामा मस्जिद थाने में खूनी हमला! चाकू से 5 पुलिसकर्मी घायल, जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगी गोली
नई दिल्ली, 24 नवंबर 2026 पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में पहुंची टीम को भीड़भाड़ वाले इलाके की गली हवेली आजम खान में उसका सामना करना पड़ा। यहां आरोपी ने पुलिस दल पर दोबारा हमला कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई। नबील नाम के व्यक्ति को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया।