उत्तर प्रदेश: मथुरा के मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

By Tatkaal Khabar / 08-01-2019 03:16:21 am | 11614 Views | 0 Comments
#

मथुरा: उत्तर प्रदेश की मथुरा जिला पुलिस ने आज तड़के छाता कोतवाली क्षेत्र से मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश राधाचरण को गिरफ्तार कर लिया ।पकड़ा गया बदमाश मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के रिश्तेदार की हत्या करने वालों में शामिल था । इस मुठभेड़ में बदमाश और एक दरोगा घायल हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम के प्रभारी हरवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस मोटरसाइकिल सवार बदमाश को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी जिससे उपनिरीक्षक रोहित कुमार घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल बदमाश की पहचान उत्तर प्रदेश के दुग्ध विकास ,अल्पसंख्यक कल्याण, हज, संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के रिश्तेदार की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी राधाचरण के रुप में हुइ। उसके पास से तमंचा एवं कारतूस बरामद किये गए हैं। घायल दरोगा रोहित कुमार और बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।