अमित शाह का पटना में रोड शो, सड़कों पर समर्थकों का उमड़ा हुजूम

By Tatkaal Khabar / 11-05-2019 03:25:50 am | 14153 Views | 0 Comments
#

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिहार की राजधानी पटना में आज रोड शो कर रहे है. भाजपा छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर पटना साहिब से अपनी किस्मत आजमा रहे सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के गढ़ में अमित शाह का यह रोड शो शुरू हो गया है. रोड शो के दौरान अमित शाह पटना साहिब संसदीय सीट से भाजपा के प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के लिए वोट की अपील भी करेंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्‍वागत में पहुंचे लोग फिर एक बार मोदी सरकार, हर-हर मोदी के नारे लगाते दिखे. भारत माता, वंदे मातरम् से शहर गूंज रहा है. मोदी, मोदी, मोदी के भी नारे लगाए जा रहे हैं. वहीं, भाजपा के झंडा से कदमकुआं पट गया है. भाजपा के रंगों व झंडों से युवक अपने शरीर को रंग लिया है और महिलाओं की भी भीड़ उमड़ रही है. अमित शाह के स्वागत में कदमकुआं से गांधी मैदान तक सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा है.लगभग दो किलोमीटर लंबा अमित शाह का यह रोड शो उन इलाकों में होने वाला है जहां पटना साहिब संसदीय सीट से कांग्रेस के सांसद प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा उर्फ बिहारी बाबू का पुराना नाता है. रोड शो में बिहार भाजपा के लगभग सभी बड़े नेताओं समेत अन्य संगठनों के लोग भी शामिल हो रहे हैं.