शीला दीक्षित ने दिल्ली की जनता का जताया आभार

By Tatkaal Khabar / 28-05-2019 02:51:12 am | 12375 Views | 0 Comments
#

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रति भरोसा जताने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने जनता का आभार जताया है। दीक्षित ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बैठक में कहा, लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने बड़ी संख्या में कांग्रेस को वोट किया है। इसके लिए दिल्लीवासी बधाई के पात्र हैं।

दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार सात में से पांच लोकसभा सीटों पर दूसरे नम्बर पर रहे। दिल्ली के पांच विधानसभा क्षेत्रों में पहले नम्बर पर कांग्रेस रही, जबकि 42 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। इससे सिद्ध होता है कि दिल्ली की जनता कांग्रेस के साथ है और आने वाले विधानसभा चुनाव में वो कांग्रेस के हाथ को मजबूत करेगी।