चोटी काटने के डर से अन्धविश्वास फैलता जा रहा है : पुलिस

By Tatkaal Khabar / 08-08-2017 03:09:22 am | 13996 Views | 0 Comments
#

देश के अन्य राज्यों की तरह पंजाब के होशियारपुर जिले में भी रहस्यमयी तरीकों से अबतक 2 महिलाओं की चोटी कटने की घटना के बाद महिलाओं में चोटी गैंग को लेकर दहशत बनी हुई है। 3 दिन पहले होशियारपुर के सुंदरनगर में जानकी देवी की चोटी कटने के बाद अब दसूहा रोड पर भीखोवाल गांव में एक महिला चंद्रकली देवी के चोटी कटने के मामले आने के बाद झुग्गी झोपड़ी व बाहरी राज्यों से आए मजदूरों के परिजनों में खौफ का साया गहराने लगा है। इतना ही नहीं, लोग टोने-टोटके भी खूब आजमा रहे हैं। घरों के दरवाजों पर मेंहदी लगे हाथ के थापे, नींबू और मिर्च के साथ नीम की पत्ती टांगी गई है। अंधविश्वास का हाल यह है कि कुछ इलाकों में महिलाएं एक दूसरे को सलाह दे रही हैं चोटी चोर से बचने के लिए महिलाएं लाल चूडिय़ां पहनें और घरों के बाहर हाथ से मेहंदी के छापे लगाएं।

होशियारपुर में इन दोनों ही घटनाओं के सामने आने के बाद भी पुलिस के लिए यह पहेली बनी हुई है। पुलिस उनके बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक इस रहस्यमय घटनाओं की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है। दूसरी तरफ दिल्ली में इस रहस्य पर से धीरे-धीरे पर्दा उठना भी शुरू हो गया है। दिल्ली में कई मामले सामने आ रहे हैं उससे तो यही लगता है कि लोग पब्लिसिटी, नादानी और अति आत्मविश्वास में अपनी या फिर दूसरों की चोटी जान-बूझ कर काट रहे हैं।