"वंदे भारत मिशन" : सिंगापुर और ढाका में फंसे भारतीय वापस लाए गए

By Tatkaal Khabar / 08-05-2020 03:00:59 am | 16070 Views | 0 Comments
#

कोरोना वायरस संकट के चलते अलग-अलग देशों में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए शुरू किए गए वंदे भारत मिशन का आज दूसरा दिन है. थोड़ी ही पहले एयर इंडिया की दो उड़ानें सिंगापुर से दिल्ली और ढाका से श्रीनगर पहुंची हैं. कुछ ही घंटे बाद तीन और उड़ानें दुबई से चेन्नई, रियाद से कालीकट और मनामा से कोच्चि पहुंचेंगी. इससे पहले कल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे 363 भारतीयों को लेकर दो विशेष विमान केरल पहुंचे थे.

अलग-अगल देशों में फंसे करीब दो लाख लोगों को स्वदेश वापस लाने के इस बड़े अभियान को वंदे भारत मिशन नाम दिया गया है. इसके लिए यात्री विमानों और नौसेना के पोतों का इस्तेमाल किया जाएगा.

इन सभी यात्रियों का आने से पहले टेस्ट कराया गया. आने के बाद भी उन्हें सरकार द्वारा चलाए जा रहे किसी क्वारंटीन सेंटर में रहना होगा. इसके बाद अगर उनका टेस्ट नेगेटिव आता है तो उन्हें अगले सात दिन तक घर में ही खुद को क्वारंटीन करना होगा. अगर नतीजा पॉजिटिव आया तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा.

खबरों के मुताबिक कम से कम दो लाख भारतीयों को वापस लाया जाना है. 1990 के बाद भारत का यह सबसे बड़ा बचाव अभियान कहा जा रहा है. तब खाड़ी के युद्ध के दौरान एक लाख 70 हजार भारतीयों को वापस लाया गया था.