मातृशक्ति के नाम पर धामी ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर भी किया तीखा वार
देहरादून, 25 नवंबर 2026 उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले कार्यक्रमों में अब महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। धामी ने महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए समान नागरिक संहिता को भी सरकार की एक प्रमुख उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश में कई स्तरों पर योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उल्लेख करते हुए इनके जरिए महिलाओं को मिल रहे अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकल महिलाओं को डेढ़ लाख रुपये तक का अनुदान और पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को एक अलग ब्रांड के तौर पर पहचान दिलाने का काम किया जा रहा है। धामी के अनुसार, प्रदेश में अब तक साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके साथ ही महिला समूहों की सदस्यों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देकर उन्हें नई तकनीक और रोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। धामी ने बालिकाओं के लिए सरकार की आर्थिक सहायता योजनाओं का भी ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया है। उनके मुताबिक, डीबीटी के जरिए अब तक बालिकाओं के बैंक खातों में एक अरब 45 करोड़ 93 लाख रुपये पहुंचाए जा चुके हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और मसूरी-देहरादून जैसे स्थानों पर बालिका छात्रावासों के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खातों में दो समान किस्तों में धनराशि भेजने के ऐलान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मातृशक्ति के लिए सरकार की इस पहल से विपक्ष असहज हो गया है। धामी ने कहा कि विपक्ष की प्रतिक्रिया और उसकी मानसिकता का जवाब आने वाले समय में उत्तराखंड की जनता अपने फैसले से देगी।