JNU हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस को मिला सुराग

By Tatkaal Khabar / 06-01-2020 02:12:44 am | 13391 Views | 0 Comments
#

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में रविवार को हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। क्राइम ब्रांच मामले की जांच करेगी। दिल्ली पुलिस पीआरओ एमएस रंधावा ने कहा कि ज्वाइंट सीपी शालिनी सिंह के अंतर्गत एक कमेटी का गठन किया गया है जो तथ्यों को जांचेंगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।

दिल्ली पुलिस के पीआरओ ने कहा कि इस मामले में एक एफआईआर दर्ज की गई है। सभी सीसीटीवी फुटेज को इकट्ठा किया जा रहा है। इस घटना में 34 लोग घायल हुए थे और अब सभी डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्होंने कहा, 'आम तौर पर, पुलिस की तैनाती केवल एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में होती है। यह हिंसा वहां से कुछ दूरी पर हुई। जेएनयू प्रशासन द्वारा लगभग शाम 7:45 बजे अनुरोध किया गया था। इसके बाद हमने फ्लैग मार्च किया।'

इससे पहले जेएनयू परिसर में छात्रों और शिक्षकों पर हुए हमले के एक दिन बाद सोमवार को विश्वविद्यालय के द्वार के बाहर करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिये पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया है।